अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
03.27.2007
 

विमोचन समाचार - 'कविअभिनव डाट काम'


चित्र (बाँए से दाँए) - अभिनव शुक्ल (माईक पर), घनश्याम गुप्त, हरभगवान शर्मा तथा डा बिन्देश्वरी अग्रवाल।

२४ मार्च २००७, हिल्सबोरो (न्यू जर्सी, यू एस ए), हास्य व्यंग्य तथा ओज काव्य के प्रतिष्ठित कवि अभिनव शुक्ल की वेबसाईट 'कवि अभिनव डाट काम' (www.kaviabhinav.com) का विमोचन होली के सुअवसर पर हिल्सबोरो के सामुदायिक केन्द्र में अग्रवाल समाज यू एस ए द्वारा आयोजित "होली मिलन २००७" में डा सचिन गर्ग नें किया। इस कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा मनभावन ठंडाई सहित स्वादिष्ट पकवानों का सबने आनंद उठाया।
अभिनव की वोबसाईट के विमोचन पर बोलते हुए डा बिन्देश्वरी अग्रवाल नें कहा कि "२००५ में अभिनव के एलबम 'हास्य दर्शन' का विमोचन हुआ था, २००६ में उनकी पुस्तक 'अभिनव अनुभूतियाँ' आई तथा अब २००७ में उनकी वेबसाईट का विमोचन हो रहा है। हमें आशा है कि यह सिलसिला आगे भी चलता रहेगा।"

अभिनव को वेबसाईट के लिए शुभकामनाएँ देते हुए डा सचिन गर्ग नें कहा कि इस वेबसाईट के माध्यम से अनेक लोगों को अभिनव को देखने और सुनने का अवसर प्राप्त होता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वेबसाईट पर उपलब्ध वीडियो अत्यंत मनभावन हैं तथा वे लोग जो किन्हीं कारणों से कवि सम्मेलनों में नहीं जा पाते हैं वे इनको देखकर घर बैठे कवि सम्मेलनों का आनंद उठा सकते हैं।

अभिनव शुक्ल नें सभी को इस स्नेह के लिए धन्यवाद दिया तथा आगे भी पाठकों तथा श्रोताओं की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रयत्नशील रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे अगले वर्ष तक खण्डकाव्य 'अभिमन्यु' को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें हरभगवान शर्मा, घनश्याम गुप्त, डा बिन्देश्वरी अग्रवाल तथा अभिनव शुक्ल नें अपनी कविताएँ सुनाईं। अंत में संदीप अग्रवाल नें काव्यमयी मधुर शाम के लिए सभी कवियों को धन्यवाद दिया तथा सभी श्रोताओं से समाज की गतिविधियों में भागीदारी निभाने का अनुरोध किया।