अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
01.13.2008
 

देश में पहली बार लघुकथा पर अंतरराष्ट्रीय विमर्श 16-17 फरवरी को रायपुर में
देश-विदेश के
30 वरिष्ठ रचनाकार होंगे अलंकृत - डॉ. सुधीर शर्मा की रिपोर्ट


रायपुर । छत्तीसगढ राज्य की बहुआयामी सांस्कृतिक संस्था "सृजन-सम्मान" द्वारा साहित्य, संस्कृति, भाषा एवं पत्रकारिता आदि  विधाओं में प्रतिष्ठित रचनाकारों को पिछले 6 वर्षों से प्रतिवर्ष दिये जाने वाले सम्मानों की घोषणा कर दी गई है। उन्हें छठवें अखिल भारतीय साहित्य महोत्सव(16-17 फरवरी, 2008) में सम्मानित किया जायेगा । लोक गायन में विशेष योगदान के लिए इस वर्ष का राष्ट्रीय दाऊ रामचंद्र देशमुख सम्मान रायगढ़ के जाने मान गायक दिलीप षड़ंगी को दिया जायेगा । संस्था के चयन समिति के सदस्यों - प्रख्यात कबीर गायक भारती बंधु, आलोचक डॉ. बलदेव, विधायक एवं पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा एवं संस्कृति कर्मी जयप्रकाश मानस ने उन्हें छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति के विकास का गायक बताया है । इस अवसर पर "लघुकथा का भविष्य और भविष्य की लघुकथा" विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय विमर्श में यू एस ए, दुबई, नेपाल, बांग्लादेश सहित भारत के लगभग 300 से अधिक लघुकथाकार भाग ले रहे हैं । समारोह में लघुकथा प्रदर्शनी, लघुकथा पाठ, नई सदी की लघुकथाएँ नामक संग्रह सहित कई कृतियों का विमोचन एवं लघुकथा कोश नामक वेबसाइट का लोकार्पण भी किया जायेगा । समारोह में लघुकथा आंदोलन से जुड़े प्रमुख कथाकारों, संपादकों, आलोचकों, लघुपत्रिका संपादकों, एवं संगठनों को लघुकथा विधा की स्थापना व विकास में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए लघुकथा गौरव से अलंकृत किया जायेगा।

 

रायगढ़ इकाई के संयोजक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया है कि इस वर्ष सम्मानित होने वाले रचनाकार हैः-

·         पद्मभूषण पं.झावरमल्ल शर्मा (पत्रकारिता) सम्मान- विश्वनाथ सचदेव, मुंबई

·         पद्मश्री मुकुटधर पांडेय (लघुपत्रिका) सम्मान- मसि कागद, श्री श्याम सखा श्याम, रोहतक

·         माधवराव सप्रे (लघुकथा) सम्मान- सुकेश साहनी, बरेली

·         महाराज चक्रधर सिंह (ललित निबंध) सम्मान- रंजना अरगड़े, अहमदाबाद

·         महंत बिसाहूदास (कबीर साहित्य) सम्मान- डॉ. हीरालालशुक्ल, भोपाल

·         प.राजेन्द्रप्रसाद शुक्ल (समग्र व्यक्तित्व) सम्मान- केशरीनाथ त्रिपाठी, लखनऊ

·         हरि ठाकुर (समग्र कृतित्त्व) सम्मान- कमल किशोर गोयनका, दिल्ली

·         नारायण लाल परमार (गीत) सम्मान- निर्मल शुक्ल, लखनऊ

·         डॉ. बलदेव मिश्र (कहानी) सम्मान- श्री सुरेन्द्र तिवारी, दिल्ली

·         मिनीमाता (दलित विमर्श) सम्मान- डॉ. विनय पाठक, बिलासपुर

·         महेश तिवारी (विचारात्मक लेखन) सम्मान- श्री मोहनदास नैमिशराय, मेरठ

·         मुस्तफ़ा हुसैन मुश्फ़िक (गीत/ग़ज़ल) सम्मान- हस्तीमल "हस्ती", मुंबई

·         मावजी चावड़ा (बाल साहित्य) सम्मान- भैरूलाल गर्ग, जयपुर,

·         धुन्नी दुबे (आंचलिक पत्रकारिता) सम्मान- रावलमल जैन "मणि", दुर्ग

·         प.गोपाल मिश्र (कविता/गीत) सम्मान- डॉ. अजयपाठक, बिलासपुर

·         रामचंद्र देशमुख (लोक-रंग) सम्मान- दिलीप षडंगी, लोकगायक, रायगढ़

·         राजकुमारी पटनायक (भाषा सेवा) सम्मान- नंदकिशोर तिवारी, बिलासपुर

·         विश्वम्भरनाथ ठाकुर (छंदगीत) सम्मान- बुद्धिनाथ मिश्र, देहरादून

·         उत्तरांचल समरथ गवंईहा (व्यंग्य-आलोचना) सम्मान- सुभाष चंदर, नई दिल्ली

·          गृंधमुनि साहब (कबीर साहित्य) सम्मान- आनंद प्यासी,  भोपाल

·         दादा अवधूत (शिक्षा-संस्कृति) सम्मान- डॉ. रामनिवास मानव, हिसार

·         अनुवाद सम्मान-कालिपद दास, कोलकाता

·         हिंदी गौरव सम्मान (हिंदी-वेबसाइट)- पूर्णिमा वर्मन,  दुबई

·         प्रवासी सम्मान (विदेश मे हिंदी सेवा)- आदित्य प्रकाश सिंह, डैलास, युएसए

·         प्रथमकृति (प्रथमकाव्य-कृति) सम्मान- अरविंदमिश्रा, राजनांदगाँव

·         भाषा-सेतु (अहिंदी भाषी रचनाकार) सम्मान- डॉ. तिप्पेस्वामी, मैसूर

·         कृति सम्मान (श्रेष्ठ पांडुलिपि)- लक्ष्मण मस्तुरिया, रायपुर

·         षष्टिपूर्ति सम्मान (वरिष्ठ साहित्यकार)- बच्चू जांजगिरी, रायपुर

·         विशेष सम्मान(लघुकथा में विशेष योगदान)-आचार्य सरोज द्विवेदी, राजनांदगाँव।

 

संस्था द्वारा सम्मान स्वरुप रचनाकारों को नगद राशि(21, 11, 5, एवं 3 हजार रुपये), प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह, शॉल, श्रीफल एवं 1000 रुपयों की कृतियाँ भेंट की जायेंगी।



अपनी प्रतिक्रिया लेखक को भेजें