अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
05.31.2008
 
आर्य समाज, मिसिसागा (कैनेडा) द्वारा हिन्दी सेवी सम्मानित

बाएँ से -  श्याम त्रिपाठी,  जॉन मेकॉलम और सुरेखा त्रिपाठी

१९ अक्तूबर, २००७  - मिसिसागा के पायल बैंक्युएट हॉल में आर्य समाज, मिसिसागा की ओर से दीपावली का उत्सव बड़ी धूम-धाम से मनाया गया। इस अवसर पर लगभग ५०० से अधिक लोगों ने भाग लिया। आर्य समाज (मिसिसागा) का यह कार्यक्रम विशेषरूप से फंड रेज़िंगके लिए आयोजित किया गया था। मारखम नगर के माननीय मेकॉलम (लिबरल एम.पी.) को विशेष अतिथि के रूप में आमन्त्रित किया गया था।  उन्होंने अपने वक्तव्य में भारतीय लोगों की बड़ी प्रशंसा की और भारतीय संस्कृति, कला और नृत्य के बारे में उत्साहजनक बातें कहीं।

कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों को सम्मानित किया गया। श्री श्याम त्रिपाठी को हिन्दी साहित्य व भाषा की सेवा के लिए विशेष सम्मान से विभूषित किया गया। इस अवसर पर श्री सी.पी. गुप्ता (आर्यसमाज, मिसिसागा के प्रधान) ने श्याम त्रिपाठी की हिन्दी सेवाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि त्रिपाठी जी ने विदेशों में रहकर भारतीय समाज में हिन्दी प्रसार और प्रचार के लिए सराहनीय कार्य किया है।

त्रिपाठी जी गत दस वर्षों से हिन्दी चेतना, त्रैमासिक पत्रिका का संपादन व प्रकाशन कर रहे हैं। उन्होंने हिन्दी चेतनाके माध्यम से अनेकों लेखकों को प्रोत्साहित किया है। जनवरी २००७ अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी उत्सव  में त्रिपाठी जी को भारत में अक्षरम प्रवासी हिन्दी सेवा सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।



अपनी प्रतिक्रिया लेखक को भेजें