अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
10.05.2007
 
समय
शैलेन्द्र चौहान

गाँव की गलियों से गुजरता

महानगरों की धमनियों में तिरता

मनुष्यों की साँसों में

चढ़ता-उतरता

विशालकाय समुद्रों और

उन्नत शैलगिरि शिखरों को

चूमता-चाटता बढ़ता चला

 

किसी ने कहा यह समय मेरा नहीं

कोई दर्प से बोला समय मेरा है

गो समय नहीं किसी का

 

बीतता निर्बाध वह

देश और परिस्थितियों पर

छोड़ता अपनी छाप

 

जानता हूँ

उन अरबों, खरबों मनुष्यों को

जिन्होंने घास नहीं डाली

समय को

 

अपने कर्म में रत

वे उद्दमी मनुष्य

पहुँचा गए हमें यहाँ तक

जहाँ समय का रथ

अपनी बाँकी चाल से बढ़ा जा रहा है

 

कहते हुए कि, चेतो ---

वरना, विस्मृति के गर्त में

दफ़्‍न हो जाओगे नि:शब्द

 

आओ

मुझसे होड़ लो

जूझो टकराओ

और अपना देय पा जाओ


अपनी प्रतिक्रिया लेखक को भेजें