अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
03.28.2009
 

फागुनी दोहे
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'


महुआ महका, मस्त हैं पनघट औ' चौपाल।
बरगद बब्बा झूमते, पत्ते देते ताल।

सिंदूरी जंगल हँसे, बौराया है आम।
बौरा-गौरा साथ लख, काम हुआ बेकाम।

पर्वत का मन झुलसता, तन तपकर अंगार।
वसनहीन किंशुक सहे, पञ्च शरों की मार। ।

गेहूँ स्वर्णाभित हुआ, कनक-कुञ्ज खलिहान।
पुष्पित-मुदित पलाश लख, लज्जित उषा-विहान।

बाँसों पर हल्दी चढ़ी, बँधा आम-सिर मौर,
पंडित पीपल बाँचते, लगन पूछ लो और।

तरुवर शाखा पात पर, नूतन नवल निखार।
लाल गाल संध्या किये, दस दिश दिव्य बहार।

प्रणय-पंथ का मान कर, आनंदित परमात्म।
कंकर में शंकर हुए, प्रगट मुदित मन-आत्म।


अपनी प्रतिक्रिया लेखक को भेजें