अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
12.23.2008
 

अगर किसी ने यहाँ दिल से दोस्ती कर ली
पुरु मालव


अगर किसी ने यहाँ दिल से दोस्ती कर ली
यूँ जानिये कि जहां भर से दुश्मनी कर ली

फ़रेब उसने किया जिसपे था यक़ीन मुझे
कि रहनुमा था सरे-राह रहजनी कर ली

अजब है बात मगर बर्क़ ने उड़ाई है
कि उसने ख़िरमने-हस्ती से दोस्ती कर ली

वो सारे शहर की ज़ुल्मत मिटाने निकला था
और उसने क़ैद हवेली में रोशनी कर ली

तू मेरे साथ होता तो और अच्छा था
तेरे बग़ैर बसर यूँ तो ज़िंदगी कर ली

मिला है पुरु को यक़ीन आप ऐसा रहनुमा
ग़ज़ल की राह खुली यूँ कि शाइरी कर ली


अपनी प्रतिक्रिया लेखक को भेजें