अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
01.12.2008
 

माना इसकी निढाल चाल नहीं
प्राण शर्मा


माना इसकी निढाल चाल नहीं
ठीक लेकिन जहाँ का हाल नहीं

कौन है दोस्त है सवाल मेरा
कौन दुश्मन है यह सवाल नहीं

काश हमदर्द भी कोई होता
दोस्तों का यहाँ अकाल नहीं

यूँ तो खाते हैं सब नमक यारो
हर कोई पर नमक हलाल नहीं

उससे उम्मीद कोई किया रखे
जिसको अपना कोई ख्याल नहीं

कुछ न कुछ तो कमाल है सब में
माना हर चीज़ पर जमाल नहीं

प्राण छलकेगा यह भला क्यों कर
दूध में एक भी उबाल नहीं


अपनी प्रतिक्रिया लेखक को भेजें