|
मेरी नज़रों का धोखा हो ऐसा भी हो सकता है
वो भी मेरा ही चेहरा हो ऐसा भी हो सकता है
छान दिए सब पर्वत जंगल जिसकी चाहत में मैंने
वो भी मुझको ढूँढ रहा हो ऐसा भी हो सकता है
सोते-सोते हिचकी आई, जागा, सोचा ध्यान किया
उसने मुझको याद किया हो ऐसा भी हो सकता है
खुशबू आई, शायद उसने आँचल को लहराया हो
उसके आँगन फूल खिला हो ऐसा भी हो सकता है
देख के उसको फैल गया है कैसा उजाला आँख में
मन के अन्दर दीप जला हो ऐसा भी हो सकता है
नींद नदारद आँखों से है बीत गई है आधी रात
वो भी अब तक जाग रहा हो ऐसा भी हो सकता है
|