अन्तरजाल पर साहित्य प्रेमियों की विश्राम स्थली मुख्य पृष्ठ
04.28.2007
 
 रास्ते
जयप्रकाश मानस

न कहीं जाते और नही
कहीं से आते, स्थिर अपनी जगह
किसे पहुँचाते नहीं
मन-मुताबिक
गाँव-घर-खेत-खार-मंदिर-मस्जिद
मेले-ठेले-नदी-पहाड़ आक्षितिज समुद्र तक

इनके बारे में जब कहा जाता
कि ये नहीं थे तब भी थे ये
सृजन के पूर्व और प्रलय के बाद भी
फैल और सिमट जाएँ क्षण में
धूप-छाँह, सर्दी-गर्मी, आँधी-पानी
हर हाल में ये ख़ुश, हर हाल में ख़ामोश

जितना सुनते
जो भी सुन पाते
जैसे हों औरत
जैसे कोई देवमूर्ति
बिना अहम्‌ पाले
गन्तव्य तक पहुँचाने में मुस्तैद

कितने वीतराम होते हैं
धूमधड़ाके के साथ गुजरती बारात
हाड़तोड़ मजदूरी के बाद घर वापसी
कि जैसे युद्ध से लौटता हो कोई
या आवाज़ों के ऐनवक़्त
सधे कदमों के इंतज़ार में हैं
इस समय ये रास्ते

अपनी प्रतिक्रिया लेखक को भेजें